शरद पंड्या
नव संवत् 2081 की शुरुआत चैत्र मास की शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 9 अप्रैल और पिंगल नाम संवत्सर से होने जा रही है। नया संवत् मंगलवार से शुरू हो रहा है, इसलिए राजा राष्ट्रपति और मेषांक के आरंभ दिन शनिवार प्रधानमंत्री पद पर रहेंगे। इस प्रकार इस साल का राजा मंगल और मंत्री शनि के नेतृत्व का प्रभाव रहेगा।

ख्यात ज्योतिषाचार्य पं. आनंद शंकर व्यास के अनुसार पिंगल नामक वर्ष में भय रहेगा। सत्ता संचालन पक्ष अपने बहुमत से विपक्ष को परास्त कर सत्ता सुख प्राप्त करेंगे। राजा मंगल होने से अग्नि भय, बम कांड, उग्र व हिंसक प्रदर्शन, वायुयान की बड़ी दुर्घटनाएं होंगी। वहीं शनि के प्रधानमंत्री होने से सत्तापक्ष के लोग निरंकुश रहेंगे।

यदि साेमवार को नववर्ष तो स्वामी चंद्र होगा : कुछ विद्वानों को मत है कि संवत के लागू होने का नियम के अनुसार जो तिथि जिस समय से लगती हैं, उसी समय से संवत् का स्वामी या राजा तय किया जाता है। पंचांग के अनुसार संवत् 2081 में 8 अप्रैल को सोमवार की रात्रि में 11 बजकर 55 मिनट पर प्रतिपदा तिथि का शुभारंभ हो जाएगा। इसलिए कई ज्योतिषी सोमवार से संवत् शुरू होना बता रहे हैं। सोमवार का स्वामी चंद्र और उनके मंत्री शनि महाराज ही होंगे। पं. मीतेश पांडे के अनुसार पंचागों में मतभेद के चलते कई जगह संवत्सर का नाम क्रोधी बताया गया है। मंगल स्वामी होने से आग आदि की संभावनाएं ज्यादा रहेगी। वहीं विश्व में युद्ध आदि क्रूर कर्म अधिक देखने को मिलेंगे। सूर्योदय से तिथि प्रतिपदा लगने से 9 अप्रैल को ही नववर्ष मनाया जाएगा। इसी दिन नव संवत् लगेगा।

विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं का प्रभाव बढ़ेगा
पं. मनीष शर्मा ने कहा इस साल अच्छी वर्षा होगी और प्रजा सुखी और संपन्न होगी। रस वाले पदार्थों का उत्पादन अच्छा होगा। कई बार जनता का प्रभाव सत्ता पर अधिक दिख सकता है। देश में धर्म के कार्य अधिक होंगे। जनहित के कार्यों में राजा का फोकस अधिक रहेगा। विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं का प्रभाव भी बढ़ेगा।

4 राशियों के लिए नया संवत् विशेष लाभकारी
पं. सुधीर पंड्या व पं. अजयशंकर व्यास ने बताया कि नव संवत् 2081 चार राशियों पर विशेष लाभकारी होगा। मेष, वृषभ, कर्क और कुंभ राशि वाले जातकों को ये मिलेंगे फायदे…
मेष राशि – इस राशि के जातकों के लिए भी नया संवत् फलदायी रहने वाला है। इस साल गुरु की शुभ स्थिति का लाभ भी इन्हें मिलेगा।
वृषभ राशि – इस राशि के जातकों के लिए संवत् 2081 गुरु का गोचर इनकी राशि में होगा। ऐसे में नया संवत् आपको उन्नति दिलाने वाला रहेगा। धर्म, कर्म और शुभ कार्य भी आपके घर में खूब होंगे।
कर्क राशि – इस राशि के जातकों काे शनि की ढैय्या के प्रभाव में कुछ कमी आएगी और राहत की सांस मिल सकेगी। साल के अंत में मेहनत का लाभ मिलेगा।
कुंभ राशि – इस राशि के जातकों के लिए चंद्रमा का राजा होना और शनि का मंत्री पद पर विराजमान होना लाभकारी रहेगा। प्रचलित मत से मंगल का राजा होना भी इनके लिए शुभ रहने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *