पिछले 9 महीने में रेलवे के करीब 30,000 कर्मचारी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इनमें फ्रंटलाइन में काम करने वाले 700 कर्मचारियों की मौत भी हो चुकी है। न्यूज एजेंसी ने रेलवे बोर्ड के चेयरमैन विनोद कुमार यादव के हवाले ये यह जानकारी दी। जान गंवाने वाले ज्यादातर कर्मचारी कोविड-19 के दौरान ट्रेनों की आवाजाही को बेहतर बनाने के लिए आम जनता के बीच काम कर रहे थे।

रेलवे बोर्ड के चेयरमैन विनोद कुमार यादव ने एक प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि करीब 30,000 रेलवे कर्मचारी अब तक कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं। उन्होंने महामारी के दौरान जनता के लिए उनके समर्पण की प्रशंसा की। कहा, ज्यादातर कर्मचारी अब ठीक हो चुके हैं। रेलवे ने हर जोन और मंडल में कोविड केयर सेंटर और कोविड हॉस्पिटल्स खोले हैं।

11 राज्यों में डेथ रेट नेशनल एवरेज से ज्यादा

देश के 11 राज्यों में डेथ रेट यानी कोरोना मरीजों की मौत की रफ्तार नेशनल एवरेज से भी ज्यादा है। डेथ रेट का नेशनल एवरेज 1.50% है। पंजाब में अब तक सबसे ज्यादा 3.2% मरीजों की मौत हो चुकी है। महाराष्ट्र में 2.6%, सिक्किम में 2.3%, गुजरात में 1.8%, पश्चिम बंगाल में 1.7%, दिल्ली में 1.7%, हिमाचल प्रदेश में 1.7%, पुडुचेरी में 1.7%, उत्तराखंड, चंडीगढ़ और जम्मू कश्मीर में 1.60% कोरोना मरीजों की जान जा चुकी है। मध्य प्रदेश और तमिलनाडु में डेथ रेट नेशनल एवरेज के बराबर है।

16 करोड़ से ज्यादा टेस्ट हुए, इनमें 1 करोड़ संक्रमित मिले

देश में 16 करोड़ से ज्यादा लोगों का टेस्ट पूरा हो गया है। इनमें अब तक 1 करोड़ 6 हजार यानी 6.25% लोग संक्रमित पाए गए हैं। अच्छी बात है कि 95 लाख 51 हजार 923 लोग ठीक भी हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 1 लाख 45 हजार 171 हो गई है।

पिछले 18 दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो 1.20 लाख एक्टिव केस कम हुए हैं। अब केवल 3 लाख 7 हजार 97 मरीज ऐसे रह गए हैं जिनका इलाज चल रहा है। पिछले 24 घंटे के अंदर देश में 26 हजार 991 नए मरीज मिले और 29 हजार 879 लोग रिकवर हुए। 342 मरीजों की मौत हो गई। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।

पहले फेज के वैक्सीनेशन के लिए 60 करोड़ डोज

पहले फेज के लिए भारत को 60 करोड़ डोज चाहिए। सीरम इंस्टीट्यूट ने कहा है कि वह मार्च तक 50 करोड़ डोज तैयार कर लेगी। सीरम ने भी वैक्सीन के इमरजेंसी यूज के लिए आवेदन दे रखा है। भारत बायोटेक की कोवैक्सिन भी इस रेस में आगे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *