राजधानी भोपाल से भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर की तबीयत शुक्रवार को रात में अचानक बिगड़ गई। उन्हें सांस लेने में आ रही दिक्कत के कारण एम्स नई दिल्ली में भर्ती कराया गया है। उनमें कोरोना संक्रमण से मिलते जुलते लक्षण भी पाए गए थे। शुक्रवार की रात राजधानी दिल्ली में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती किया गया है। इस वजह से सांसद शनिवार को मुंबई की एक स्पेशल एनआईए कोर्ट में पेश नहीं हो पाईं। यह एक महीने में दूसरा मौका है, जब प्रज्ञा अदालत में तारीख पर पेश नहीं हुईं।

राहत वाली बात ये रही कि उनकी कोरोना टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई है। प्रज्ञा ठाकुर को फिलहाल एम्स के प्राइवेट वार्ड में रखा गया है। वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी रख रही है। वहीं एम्स के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। आज एम्स प्रज्ञा ठाकुर का हेल्थ बुलेटिन जारी करेगा, जिसमें स्थिति और स्पष्ट हो पाएगी।

एम्स से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रज्ञा ठाकुर को सांस लेने में शुक्रवार रात करीब 10 बजे इमरजेंसी में लाया गया था। तब उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही थी। सांसद का ब्लड प्रेशर भी बढ़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि दवा देने के बाद उनके स्वास्थ्य में सुधार हुआ है और अब उनकी हालत स्थिर है। पल्मोनरी व कार्डियोलॉजी के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। एम्स में उनकी कई तरह की जांच भी गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *