मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज उज्जैन में हैं। वे सुबह 11 बजे यहां पहुंचे। CM नृसिंह घाट के पास समन्वय परिवार के आश्रम में शामिल हुए। यहां स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज की मूर्ति का अनावरण किया। CM महाकाल कॉरिडोर देखने भी पहुंचे।

नृसिंह घाट रोड पर शंकराचार्य मठ के पास निलयम में भारत माता मंदिर के संस्थापक स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी महाराज की मूर्ति लगाई गई है। मूर्ति का अनावरण करते हुए CM ने कहा- श्रीस्वामी सत्यमित्रानंद गिरि जी महाराज जी के आशीर्वाद से हमारा देश, हमारी संस्कृति आगे बढ़ रही है। उनका आशीर्वाद सर्वदा हम सब पर बना रहे, यही प्रार्थना करता हूं। मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि हरसिद्धि मंदिर से महाकाल मार्ग को अब संत सत्यमित्रानंद जी के नाम से जाना जाएगा।

बटुकों ने कराया पूजन

CM मूर्ति अनावरण के बाद अथर्व होटल में संतों के कार्यक्रम में पहुंचे। कार्यक्रम में वैदिक बटुकों ने मंत्रोच्चार कर पूजन कराया। इस अवसर पर जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरि महाराज, श्री राम मंदिर ट्रस्ट अयोध्या के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी महाराज, चिदानंद महाराज, अखिलेशानंद महाराज, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव, सांसद अनिल फिरोजिया, मंत्री तुलसी सिलावट, विधायक पारस जैन, छत्रसाल यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. टीआर थापक, समन्वय परिवार के वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहे।

11 अक्टूबर को उज्जैन आएंगे PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 11 अक्टूबर को उज्जैन आएंगे। ये जानकारी खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उज्जैन में दी। मोदी यहां महाकालेश्वर दर्शन करेंगे। इसके बाद महाकाल विस्तारीकरण योजना के तहत पहले फेज में तैयार महाकाल पथ, रुद्र सागर और यूडीए के यात्री सुविधा केंद्र का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद महाकाल कॉरिडोर को जनता के लिए खोल दिया जाएगा। इससे पहले PM इसी साल जून में आने वाले थे, लेकिन तब पंचायत और निकाय चुनाव के कारण आचार संहिता लगने से प्रधानमंत्री का उज्जैन दौरा रद्द हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *