भगवान परशुराम का जन्मोत्सव प्रदेशभर में मनाया जा रहा है। उज्जैन में श्री परशुराम ब्राह्मण संगठन की ओर से श्री परशुराम दर्शन यात्रा बाबा महाकाल के प्रांगण से प्रारंभ हुई। यात्रा में महिलाएं पीले वस्त्र तो पुरुष श्वेत वस्त्र पहनकर शामिल हुए। यात्रा के दौरान समाजजन मतदान करने का संदेश दे रहे हैं। वहीं, शाम को महाकाल मंदिर से ब्राह्मण समाज शोभायात्रा निकलेगी, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे।

इधर, भोपाल के गुफा मंदिर में भगवान परशुरामजी का जन्मोत्सव पर महिलाओं ने नृत्य किया। इस अवसर पर भोपाल से बीजेपी के सांसद प्रत्याशी आलोक शर्मा और महापौर मालती राय भी मौजूद थीं।

उज्जैन में पूजन-महाआरती के बाद यात्रा शुरू

उज्जैन श्री परशुराम ब्राह्मण संगठन के संस्थापक अध्यक्ष पं. राजेश त्रिवेदी व अध्यक्ष पं. गिरीश पाठक ने बताया कि सबसे पहले बाबा महाकाल और श्री परशुराम का पूजन किया गया। इसके बाद यात्रा प्रारंभ हुई। यात्रा गुदरी बाजार, गोपाल मंदिर, सराफा, कंठाल, दौलतगंज, मालीपुरा, चामुंडा माता होते हुए टावर पर पहुंचेगी।

युवा ब्राह्मण समाज के संस्थापक अध्यक्ष महेश पुजारी के नेतृत्व व मुख्य आतिथ्य में दोपहर 12 बजे महाआरती की जाएगी। इसी दिन, शाम 6 बजे से महाकाल मंदिर के सामने से अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा चल समारोह निकलेगा।

परशुराम जयंती की पूर्व संध्या पर विश्व ब्राह्मण संगठन की उज्जैन इकाई ने शिप्रा तट राम घाट पर गुरुवार शाम शिप्रा आरती के दौरान 1008 दीप प्रज्ज्वलित किए। संगठन के उज्जैन जिला अध्यक्ष तीर्थ पुरोहित पंडित रितेश त्रिवेदी ने बताया कि शाम 7 बजे घाट पर एक साथ 1008 दीप प्रज्ज्वलित कर शिप्रा की महाआरती की व भगवान श्री परशुराम जी का पूजन अर्चन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *