महाशिवरात्रि (8 मार्च) में शिव विवाह की रस्म के बाद महाकाल को आज शाम हल्दी लगाई जाएगी। मेहंदी और महिला संगीत भी होगा। 19 मार्च को बारात और रिसेप्शन रखा गया है। पूरे शहर को आमंत्रित किया गया है।

खास बात यह है कि विवाह पत्रिका में 33 करोड़ देवी – देवता स्वागतातुर हैं। दर्शनाभिलाषी भगवान गणेश, रिद्धि, सिद्धि और शिव परिवार को बनाया गया है। कार्यक्रम रामघाट के पास महाकाल मंडपम में होगा।

शिव विवाह के कार्यक्रम
18 मार्च

  • सुबह 10 बजे गणपति पूजन हुआ।
  • शाम 5 बजे हल्दी – मेहंदी, महिला संगीत।

19 मार्च

  • दोपहर 1 बजे बारात।
  • शाम 4 बजे महाप्रसादी (रिसेप्शन)।
  • रात 12 बजे डाकनी, शाकनी, भूत, पिशाच डांस

दर्शनाभिलाषी में इनके नाम

  • रिद्धी-सिद्धी संग श्री गणेश
  • कार्तिकय स्वामी
  • सौ. अशोक सुंदरी-नवुस (दामाद)
  • नंदी महाराज, मानभद्र, वीरभद्र घंटाकरण, मणिभद्र, कीर्तिमुख, सूर्यमुखी हनुमान
  • महाकाल शयन आरती भक्त परिवार

स्वागतातुर
33 करोड़ देवी-देवता, समस्त अवंतिका नगरवासी

मेन्यू में खोपरापाक, पानी पतासे भी
महाकाल शयन आरती के संस्थापक अध्यक्ष महेंद्र कटियार ने बताया कि नगर भोज में 40 से 50 हजार भक्तों के आने की उम्मीद है। महाकाल शयन आरती भक्त मंडल की ओर से घर-घर जाकर निमंत्र दिया गया है। रिसेप्शन के मेन्यू में सब्जी, पूरी, पुलाव, खीर, खोपरापाक के साथ गन्ने का रस, शिकंजी, लस्सी, पानी पतासे और पान भी खाने को मिलेगा।

70 डिब्बे तेल, 40 क्विंटल आटा, 10 क्विंटल आलू , 4 क्विंटल टमाटर, डेढ़ क्विंटल मटर, 5 क्विंटल का पुलाव, 10 क्विंटल गन्ना, 5 क्विंटल दही और दूसरा जरूरी सामान कार्यक्रम स्थल तक पहुंच चुका है। भगवान के लिए 56 भोग भी बनेगा। सोमवार से 10 से ज्यादा भटि्टयों में पकवान बनना शुरू हो गए हैं। 800 से ज्यादा लोगों की टीम को महाप्रसादी तैयार करने से लेकर बांटने की जिम्मेदारी मिली है।

बारात के स्वागत के लिए शेविंग, प्रेस के भी इंतजाम
महाकाल शयन आरती भक्त मंडल की ओर से यह 24वां आयोजन है। मंडल के राजा पांचाल ने बताया कि मंगलवार को नगर कोट के गणेश्वर महादेव मंदिर से शिव बारात निकलेगी। यहां से बारात महाकाल मंडपम तक पहुंचेगी। बारातियों के स्वागत के लिए इंतजाम किए गए हैं। साफा बांधने वाले से लेकर जूते साफ करने वाले, शेविंग बनाने वाले, कपडे़ प्रेस करने वाले के भी इंतजाम किए गए हैं। बारात के लिए दो बैंड और ढोल किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *