उज्जैन शहर में दो दिन पहले हुई मावठे की बारिश के बाद अब नमी भरी तेज सर्द हवा ने मौसम में ठंडक का असर फिर से बढ़ा दिया है। रविवार को शहर में तेज रफ्तार से सर्द हवा चलती रही, जिससे दिन में तापमान 5 डिग्री सेल्सियस कम हो गया और दिन में भी लोगों को ठंडक महसूस होती रही। रविवार को ​शहर में हल्के बादल छाए रहे। दिन में धूप जरूर निकली लेकिन दिनभर 6 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सर्द हवा चलती रही। इससे दिन में ठंडक बढ़ गई।

दिन में ठंडक का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बीते 24 घंटों के भीतर दिन के तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट आई। रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य औसत तापमान से 6.1 डिग्री सेल्सियस कम है।

इधर रात के तापमान में भी एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। शनिवार-रविवार की रात न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य औसत तापमान से 4.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विज्ञान केंद्र, भोपाल के अनुसार 5 मार्च की रात से अगले पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना बनी हुई है। सोमवार को भी शहर में तेज हवा चलने के साथ मौसम में ठंडक बने रहने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *