कारोबारी हफ्ते के पहले दिन बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई है। सेंसेक्स 180.48 अंक नीचे 46,780.21 पर और निफ्टी 58.55 अंक नीचे 46,780.21 पर कारोबार कर रहा है। बाजार की गिरावट को बैंकिंग शेयर लीड कर रहे हैं। निफ्टी बैंक इंडेक्स 360 अंक नीचे 30,354.50 पर कारोबार कर रहा है। बंधन बैंक का शेयर 2% से ज्यादा की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। सुबह BSE सेंसेक्स 28.51 अंक नीचे 46,932.18 पर और निफ्टी 18.65 अंक नीचे 13,741.90 पर खुला।

बाजार पर ब्रोकरेज हाउसेस का नजरिया

ग्लोबल ब्रोकरेज हाउस CLSA ने निफ्टी के लिए 18,800 का लक्ष्य रखा है। पर इसके साथ ही यह भी कहा कि यह लक्ष्य लंबी अवधि में पूरा होगा। इसके अलावा JP मॉर्गन का मानना है कि 2021 में दिसंबर तक निफ्टी 15 हजार का स्तर छूने में कामयाब होगा। वहीं, BNP परिबास ने भी बीते दिनों जारी अपनी रिपोर्ट में कहा था कि साल 2021 में सेंसेक्स 50500 के रिकॉर्ड स्तर को छू सकता है। इसके अलावा मॉर्गन एंड स्टैनली ने भी साल 2021 के लिए सेंसेक्स के 50 हजार का आंकड़ा छूने का अनुमान जताया है।

एशियाई बाजारों में गिरावट

आज एशियाई बाजारों हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग इंडेक्स 57 अंकों की गिरावट के साथ 26,441 पर कारोबार कर रहा है। जापान का निक्केई इंडेक्स 162 अंक नीचे 26,601 पर कारोबार कर रहा है। जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 19 अंकों की तेजी के साथ 3,414 पर कारोबार कर रहा है।

शुक्रवार को बाजार में रिकॉर्ड तेजी

भारी विदेशी निवेश के चलते शुक्रवार शेयर बाजार लगातार 7वें कारोबारी हफ्ते बढ़त के साथ बंद हुआ था। अप्रैल 2019 के बाद यह सबसे लंबा वीकली बढ़त है। सेंसेक्स 70.35 अंक ऊपर 46,960.69 पर बंद हुआ था। हालांकि इंडेक्स सुबह रिकॉर्ड 47,026 के स्तर पर खुला था, जो इंडेक्स का ऑलटाइम हाई भी है। दूसरी ओर निफ्टी इंडेक्स भी 19.85 अंक ऊपर 13,760.55 पर बंद हुआ था। निफ्टी में डॉ. रेड्डीज का शेयर 3% ऊपर बंद हुआ था। वहीं, इंडसइंड बैंक का शेयर 3% नीचे बंद हुआ था।

यूरोप के बाजारों में सुस्ती

यूरोपियन मार्केट में बिकवाली देखने को मिली। फ्रांस का CAC इंडेक्स 21 अंक नीचे 5,527 पर बंद हुआ था। जर्मनी का DAX इंडेक्स 36 अंकों की गिरावट के साथ 13,630 पर बंद हुआ था। इसके अलावा ब्रिटेन का FTSE इंडेक्स 21 अंकों की गिरावट के साथ 6,529 पर बंद हुआ था।

अमेरिकी बाजारों में गिरावट

शुक्रवार को अमेरिकी बाजारों में सभी इंडेक्स गिरावट के साथ बंद हुए। डाउ जोंस इंडेक्स 0.41% की गिरावट के साथ 124 अंक नीचे 30,179 पर बंद हुआ था। S&P 500 इंडेक्स 13 अंक नीचे 3,709 पर बंद हुआ था। इसके अलावा नैस्डैक इंडेक्स फ्लैट 9 अंक नीचे 12,755 पर बंद हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *