साल 2024 का प्रथम सूर्य ग्रहण 8 और 9 के मध्य होगा। भारतीय समय के अनुसार रात्रि 10:10 बजे से प्रारंभ होकर मध्य रात्रि 1:24:05 बजे तक होगा। यह पूर्ण सूर्यग्रहण होगा। पूर्ण सूर्यग्रहण एक महत्वपूर्ण खगोलीय घटना होती है। सूर्यग्रहण तब होता है, जब सूर्य और पृथ्वी के बीच चंद्रमा होता है।

भारत के खगोल प्रेमियों को निराशा हाथ लगेगी, दरअसल ये सूर्य ग्रहण भारत में कहीं भी दिखाई नहीं देगा। जीवाजी वेधशाला के अधीक्षक डॉ. राजेंद्र गुप्त ने बताया कि चंद्रमा दीर्घवृत्ताकार कक्षा में पृथ्वी की परिक्रमा करता है, जिससे वह कभी पृथ्वी के पास की स्थिति में होता है तो कभी पृथ्वी से दूर। पूर्ण ग्रहण की स्थिति तब होती है, जब चंद्रमा पृथ्वी से पास की स्थिति में सूर्य तथा पृथ्वी के मध्य होता है। चंद्रमा पृथ्वी के पास होने के कारण उसका आकार तुलनात्मक रूप से बड़ा दिखाई देता है। इस कारण वह सूर्य को पूर्णरूप से ढंक लेता है तथा उस स्थान विशेष से हमें पूर्ण सूर्य ग्रहण दिखाई देता है।

पूर्ण सूर्यग्रहण का प्रारंभ 8 अप्रैल 2024 को भारतीय मानक समय के अनुसार रात्रि 10:10:00 बजे से होगा। पूर्णता की स्थिति रात्रि 11:47:03 बजे पर होगी। इस समय सूर्य, पूर्णरूप से चंद्रमा द्वारा ढक लिया जाएगा। यह एक दुर्लभ नजारा होगा। पूर्णता की अवधि 4 मिनट 32 सेकंड तक होगी। मोक्ष की स्थिति 9 अप्रैल 2024 को मध्य रात्रि में 01:24:05 बजे पर होगी। भारत में यह पूर्ण सूर्यग्रहण दृश्य नहीं होगा। यह पूर्ण सूर्यग्रहण पोलिनेशिया (हवाई द्वीप), उत्तरी एवं मध्य अमेरिका, ग्रीनलैंड व आइसलैंड में बहुत अच्छी प्रकार से देखा जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *