उज्जैन में शनिवार सुबह चार बजे से नगर निगम ने अवैध कत्लखानों पर बड़ी कार्रवाई की है। 55 पाड़े, 1 क्विंटल मांस सहित फ्रीजर और अन्य सामान जब्त किया है। कार्रवाई को करीब 70 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी की टीम ने अंजाम दिया।

उज्जैन शहर में संचालित हो रहे अवैध कत्लखानों पर पहली बार इतनी बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। करीब चार घंटे तक चली कार्रवाई में नगर निगम की टीम के करीब 40 और 30 पुलिसकर्मियों ने शहर के बेगमबाग, नालिया बाखल और तोपखाना क्षेत्र में कार्रवाई की है।

कलेक्टर उज्जैन नीरज कुमार सिंह ने बताया कि जिले में अवैध रूप से संचालित गतिविधियों पर निरंतर कार्यवाही की जाएगी। आमजन से प्राप्त सूचनाओं पर भी त्वरित संज्ञान लेकर कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी। फ़िलहाल दो लोगों पर बेगमबाग में, नालिया बाखल में एक और तोपखाना में चार लोगों पर कार्रवाई करते हुए 55 पाड़ों के साथ 1 क्विंटल से अधिक मांस सहित तराजू, बांट, कटर मशीन भी जब्त किया है।

सीएसपी ओम प्रकाश मिश्रा ने बताया कि शकील पाड़े वाला, मोहम्मद मुस्किन सहित 7 जगह अवैध कत्लखाने मिले हैं। सभी के ऊपर महाकाल थाने में केस दर्ज किए जा रहे हैं।

कई दिनों से अधिकारियों को अवैध कत्लखाने की शिकायत मिल रही थी। इस पर पहली बार शहर में इस तरह की कार्रवाई को अधिकारियों की टीम ने मिलकर अंजाम दिया है। जब सुबह टीम कार्रवाई के लिए पहुंची तो क्षेत्र में इतनी बड़ी संख्या में पुलिस और निगम की टीम को देखकर हड़कंप मच गया। पुलिस को बड़ी मात्रा में फ्रीज में रखा मांस भी मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *